बारिश से टूटी सड़कें, सुजानगढ़ विस क्षेत्र के गांवों में 44 लाख रु. से होगा पैचवर्क

सुजानगढ़ :- इसी सप्ताह शुरू करेगी काम, दीपावली से पहले पूरा किया जाएगा

मानसून में बारिश से खराब हुई सड़कों पर पैचवर्क होंगे। सुजानगढ़ विधानसभा क्षेत्र के ग्रामीण क्षेत्र व स्टेट हाइवे पर पैचवर्क पर करीब 44 लाख रुपए खर्च होंगे। पीडब्ल्यूडी ने पैचवर्क को लेकर तैयारी कर ली है। इसी सप्ताह काम शुरू होगा। दीपावली से पहले पैचवर्क का काम पूरा कर दिया जाएगा।

एक्सईएन रीतिक सांखला ने बताया कि राज्य सरकार के आदेशानुसार टूटी-फूटी सड़कों को सही किया जाएगा। एक्सीडेंट होने की आशंका वाली पैचेबल सड़कों को ज्यादा कवर किया जाएगा। पैचेबल सड़क में डामर की सड़कों को लिया जाएगा। लगभग सड़कों की सूची तैयार कर ली है। एईएन मोहित पाराशर ने बताया कि बारिश के दौरान टूटी सड़कों को सही करवाने के लिए काम होगा। हालांकि, रोड किनारे टूटी सड़कों को बारिश के समय मिट्टी के कट्टे व अन्य संसाधनों से एक बार सही कर दिया गया था। अब इन पर पूरा पैचवर्क का काम किया जाएगा।

शहर में भी विभिन्न स्थानों पर सड़कें क्षतिग्रस्त, मरम्मत की जरूरत

ग्रामीण क्षेत्र की तरह शहर में भी टूटी सड़कों पर पैचवर्क की जरूरत है। बारिश से शहर के कई वार्डों सहित नाथोतालाब रोड, दो नंबर फाटक, एक नंबर फाटक, दो नंबर फाटक के सामने लुहारागाडा जाने वाली सड़क सहित शहर के अनेक जगह सड़कें टूट गई। रोज लोगों को परेशानी हो रही है। नगरपरिषद की अनदेखी का खामियाजा शहर के लोगों को भुगतना पड़ रहा है। सभापति निलोफर गौरी ने बताया कि शहर में बारिश की वजह से टूटी सड़कों पर पैचवर्क के काम करवाएंगे। अतिआवश्यक सड़कों का सर्वे करवाकर सूची बनाई जाएगी। प्रयास रहेगा कि पैचवर्क के काम ज्यादा से ज्यादा हो। संबंधित अधिकारियों से रिपोर्ट लेते हैं।

Similar Posts