चूरू नगर परिषद की तरफ से तीन साल के लिए दिया जाएगा टेंडर; प्रस्ताव किया तैयार, स्वीकृत होते ही शुरू हो जाएगा काम

शहर में बिगड़ती सफाई व्यवस्था में सुधार को लेकर नगर परिषद की तरफ से नवाचार किया जाएगा। नगर परिषद की तरफ से अब जोधपुर-सीकर की तर्ज पर चूरू में घर-घर कचरा संग्रहण व निस्तारण का काम होगा। इस पर सालाना 6.57 करोड़ रुपए का खर्चा आएगा। चूरू नगर परिषद की तरफ से इस काम के लिए तीन साल के लिए टेंडर दिया जाएगा। इस तीन साल की अवधि के घर-घर कचरा संग्रहण के काम को लेकर करीब 16.70 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे।
इसी तरह कचरे के प्रतिदिन निस्तारण से लेकर अन्य काम पर तीन साल के लिए दिए जाने वाले टेंडर के अनुसार तीन करोड़ रुपए का खर्चा आएगा। इस पूरी प्रक्रिया के तहत किए जाने वाले काम को लेकर नगर परिषद पर सालाना 6.57 करोड़ का भार पड़ेगा। इन दोनों ही कार्यों के लिए चूरू नगर परिषद की तरफ से खर्च होने वाली राशि का भुगतान राज्य व केंद्रीय वित्त आयोग के तहत प्राप्त होने वाली राशि, निजी आय और यूजर चार्ज के रूप में लिए जाने वाली राशि के जरिए किया जाएगा। इसके अलावा पूरे प्रोजेक्ट को लेकर चूरू नगर परिषद की तरफ से प्रस्ताव तैयार कर लिया गया है।
फाइल के स्वीकृत होते ही इस कार्ययोजना का क्रियान्वयन शुरू कर दिया जाएगा। इस कार्ययोजना के लागू होने के बाद शहर में घर-घर कचरा संग्रहण के काम में सुधार होगा, जिससे गलियों व सड़कों पर कचरा नहीं फैलेगा। इसके साथ ही कचरे के निस्तारण का काम भी प्रभावी ढंग से होने के बाद गाजसर एसटीपी के पास लगे कचरे के पहाड़ भी धीरे-धीरे कम हो जाएंगे, इससे उसके आस-पास के क्षेत्र में रहने वाले लोगों को भी राहत मिलेगी।
संवेदक के स्तर पर तैयार होगा यूजर एप, 5 से 10 मिनट पहले ऑटोटिपर आने का मिलेगा एलर्ट
तरीके से मॉनीटरिंग की जाएगी। इसके तहत संवेदक के स्तर पर एक यूजर एप तैयार किया जाएगा। शहर के लोग प्रतिदिन एकत्रित कचरे की शिकायत इस एप के जरिए कर सकेंगे। इसके साथ ही प्रतिदिन ऑटोटिपर आने के पांच से 10 मिनट पहले इस एप के जरिए आटोटिपर आने का अलर्ट मैसेज भेजा जाएगा।
घर-घर कचरा संग्रहण के लिए लगेंगे 32 ऑटो टिपर, सभी वाहन होंगे जीपीएस से जुड़े: संवेदक द्वारा घर-घर कचरा संग्रहण के काम के लिए शहर में 32 ऑटो टिपर लगाए जाएंगे। सभी ऑटो टिपर के जीपीएस लगा होगा। इसके साथ ही संवेदक द्वारा सभी ऑटो टिपरों को नेविगेशन सिस्टम से जोड़ा जाएगा। ऑटो टिपरों की प्रभावी मॉनीटरिंग के लिए चूरू नगर परिषद कार्यालय में कंट्रोल रूम भी स्थापित किया जाएगा। कंट्रोल रूम में ऑटो टिपरों की वर्तमान स्थिति देखी ना सकेगी। साथ ही नगर परिषद प्रतिदिन हुए कचरे के संग्रहण का ब्यौरा भी रख पाएगी।
बोर्ड के साथ चर्चा कर इसे लागू करने का प्रयास किया जाएगा
शहर की बिगड़ती सफाई व्यवस्था में सुधार के लिए बनाई गई कार्ययोजना से लोगों को राहत मिलेगी। इसे लेकर बनाए जा रहे प्रस्ताव पर बोर्ड के साथ चर्चा की जाएगी। जनता पर अत्यधिक आर्थिक भार ना पड़े, उस हिसाब से इस प्रस्ताव जल्द स्वीकृत करवाया जाएगा। तब तक फिलहाल चल रही व्यवस्था में ही आवश्यक सुधार कर काम करवाया जाएगा।
प्रस्ताव सभापति को भेजा है, अप्रूवल आते ही काम होगा
इस नई कार्ययोजना के तहत बनाया गया प्रस्ताव सभापति के समक्ष भेज दिया गया है। वहां से अप्रूवल मिलते ही इस काम को शुरू कर दिया जाएगा। ये व्यवस्था लागू होने के बाद शहर की सफाई अगल ही नजर आएगी। इससे सफाई व्यवस्था में पूरी तरह सुधार होगा और लोगों को राहत भी मिलेगी। इसके साथ ही शहर साफ होगा, तो स्वच्छता टीम के मूल्यांकन में भी अच्छे नंबर आएंगे।
